याद पर कविता " महका जातीं सांसों को अनुराग से "

 " महका जातीं सांसों को अनुराग से "


जब-जब दूधिया  किरण छितराई
बजी सुधियों वाली मृदुल शहनाई
टंगी तस्वीर देख मन की भीत पर
सीने में हूक उठी आँख डबडबाई ,

जो ख़ुश्बू समाई अबतक सांसों में
रोक लूँ सांसें लेना  ये सम्भव नहीं
पृथक कर दिए उसूलों ने राहेें मगर
दिन बिन याद गुजरे ये सम्भव नहीं ,

यादें प्राय: बिखेरतीं इन्द्रधनुषी रंग 
आ पलकों की  चौखट अन्दाज़ से 
नेेह से चूम अंतस् के अहसास को
महका जातीं सांसों को अनुराग से ,

रखीं अनमोल ख़तों की निशानियां
जिन शब्दों में बसी सुगंध प्यार की
उम्र भर रखा चस्पा कलेजे से उन्हें
थकीं आँखें न कम्बख़्त इंतज़ार की ,

हर डगर पर करतीं  यादें परिक्रमा 
पग-पग चलें साथ परछाईं की तरह
स्तम्भ सम खड़ी स्मृति आत्मा में वो
जो दमकतीं सूर्ख अरुनाई की तरह ।

सर्वाधिकार सुरक्षित 
शैल सिंह 



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

नई बहू का आगमन पर मेरी कविता

बे-हिस लगे ज़िन्दगी --

" विश्वव्यापी व्याधि पर कविता पर कविता "